डब्ल्यूएचओ एक रिसर्च टीम चीन भेज रहा,
कोरोना दुनिया में / डब्ल्यूएचओ एक रिसर्च टीम चीन भेज रहा, वायरस के शुरू होने की जांच की जाएगी; दुनिया में संक्रमण से 5 लाख से ज्यादा मौतें
- अमेरिका में संक्रमण के मामले 26 लाख से ज्यादा, यहां अब तक 1 लाख 28 हजार 562 लोगों की मौत हुई
- दुनिया में अब तक 56 लाख लोग स्वस्थ हुए, सबसे संक्रमित अमेरिका में 10 लाख से ज्यादा ठीक हो चुके
दैनिक भास्कर
Jun 30, 2020, 05:56 AM ISTवॉशिंगटन. दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ 3 लाख 30 हजार 631 हो गई है। इनमें 56 लाख 08 हजार 115 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 5 लाख 6 हजार 76 लोगों ने जान गंवाई हैं। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) अपनी एक रिसर्च टीम चीन भेज रहा है। यहां कोरोना की शुरुआत कैसे हुई? इसकी जांच की जाएगी। डब्ल्यूएचओ महानिदेशक टेड्रोस ग्रेब्रेयेसस ने सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह जानना बहुत जरूरी हो गया है कि कोरोनावायरस का सोर्स क्या है? अगर हमें सोर्स पता चल जाए तो बीमारी पर बहुत हद तक काबू पाया जा सकता है।
10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
| अमेरिका | 26,52,678 | 1,28,562 | 10,99,188 |
| ब्राजील | 13,52,708 | 57,774 | 7,33,848 |
| रूस | 6,41,156 | 9,166 | 3,99,087 |
| भारत | 5,67,199 | 16,902 | 335,210 |
| ब्रिटेन | 3,11,965 | 43,575 | उपलब्ध नहीं |
| स्पेन | 2,96,050 | 28,346 | उपलब्ध नहीं |
| पेरू | 2,79,419 | 9,317 | 1,64,024 |
| चिली | 2,75,999 | 5,575 | 2,36,154 |
| इटली | 2,40,436 | 34,744 | 1,89,196 |
| ईरान | 2,25,205 | 10,670 | 1,86,180 |
*ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा- 140 साल में हमने ऐसी महामारी नहीं देखी
ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने महामारी और अमेरिकी प्रतिबंधों को लेकर रविवार को कहा कि देश के इतिहास में यह साल सबसे खराब रहा है। 140 साल में हमने ऐसी महामारी नहीं देखी। देश में 2.25 लाख से ज्यादा संक्रमित हैं, जबकि 10 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।
कैलिफोर्निया में बार बंद करने के आदेश
कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसॉम ने रविवार को लॉस एंजिल्स समेत सात शहरों में सभी बार बंद करने के आदेश दिए हैं। एक महीने पहले ही राज्यों को दोबारा खोलना शुरू किया गया था। टेक्सास और फ्लोरिडा में भी बार और रेस्टोरेंट बंद कर दिए गए हैं। गवर्नर ने कहा कि लोगों को वायरस को लेकर सतर्क रहना चाहिए। यह अभी भी राज्य में फैल रहा है। कुछ हिस्सों में मामलों में इजाफा हुआ है।
ब्रिटेन: पाकिस्तानी डॉक्टर का लाइसेंस निलंबित
जियो न्यूज के मुताबिक, ब्रिटेन की जनरल मेडिकल काउंसिल (जीएमसी) ने एक पाकिस्तानी मूल के डॉक्टर इकबाल आदिल का मेडिकल प्रैक्टिस लाइसेंस निलंबित कर दिया है। आरोप है कि डॉक्टर ने महामारी को लेकर गलत सूचनाएं फैलाई हैं। उन्होंने दावा किया था कि कोरोना दुनिया को नियंत्रित करने की साजिश है। ब्रिटेन में संक्रमण के मामले 3 लाख 11 हजार से ज्यादा हो गए हैं। वहीं, अब तक 43 हजार 575 लोगों की जान जा चुकी है।

इराक: सांसदों का संसद सत्र में शामिल होने से इनकार
इराक के सांसदों ने कोरोनावायरस के खतरे को ध्यान में रखते हुए संसद सत्र में शामिल होने से इनकार किया है। इराकी शफाक न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। अभी यह नहीं पता कि संसद सत्र कब आयोजित होगा। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संसदीय बैठक की संभावनाएं देखी जा रही हैं। देश के 30 से ज्यादा सांसद कोरोना की चपेट में आए हैं। यहां अब तक 47,151 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1839 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी भी कर्फ्यू जारी है और घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं निलंबित है।

ब्राजील: 57 हजार से ज्यादा मौतें
ब्राजील में 24 घंटे में 552 लोगों की जान गई है। यहां कुल मौतें 57,774 हो गई है। देश में संक्रमितों का आंकड़ा 13 लाख से ज्यादा हो गया है। इसके अलावा 7 लाख 33 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। संक्रमण और मौतों के मामले में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर ब्राजील है। यहां संक्रमण से पहली मौत 12 मार्च को हुई थी। पहले महामारी से पहली मौत 16 मार्च बताई गई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि जांच में पाया गया कि 12 मार्च को 57 साल की महिला की पहली मौत हुई थी। वहीं, दूसरी मौत 15 मार्च को हुई थी।
द.कोरिया: संक्रमण के 42 नए मामले
दक्षिण कोरिया में 24 घंटे में संक्रमण के 42 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 12,757 हो गई है। योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को किसी की मौत की खबर नहीं है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोरोनावायरस के स्थानीय संक्रमण और बाहरी मामलों में बढ़ोतरी को लेकर चिंता जताई है। अधिकारियों को आशंका है कि गर्मी के मौसम में इस महामारी की दूसरी लहर सामने आ सकती है।

यूएई ने पाकिस्तान से आने वाली उड़ानें सस्पेंड कीं
संयुक्त अरब अमीरात के जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी ने पाकिस्तान से आने वाली सभी उड़ानें सस्पेंड कर दी हैं। इसमें ट्रांजिट फ्लाइट भी शामिल हैं। पाकिस्तान जब तक यूएई के रूट में जाने वाली उड़ानों के पैसेंजरों के लिए कोरोना की जांच की व्यवस्था नहीं कर लेता, तब तक यह नियम लागू रहेगा।
चीन: बीजिंग के आसपास के इलाकों में लॉकडाउन
बीजिंग और आसपास के इलाकों में संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद लॉकडाउन लगा दिया गया है। करीब चार लाख लोग घरों में कैद हैं। न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि संक्रमण की स्थिति अभी भी गंभीर है। बीजिंग से 150 किमी दूर अंशिन काउंटी को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। यहां एक दिन में 14 मामले सामने आए। 15 जून के बाद से अब तक 311 केस मिल चुके हैं।

Comments
Post a Comment