अब मप्र के गांवों में पहुंचा कोरोना
- Get link
- X
- Other Apps
अब मप्र के गांवों में पहुंचा कोरोना / शिवराज सरकार ने कहा- राज्य के 462 गांवों के 951 लोग संक्रमित, इन गांवों में महज 22 दिन में फैल गई महामारी
- पंचायत और ग्रामीण विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक- संक्रमित मिले 951 लोगों में से 479 मजदूर, इनमें से कई दूसरे राज्यों से लौटे
- शनिवार को 197 नए केस आए, राज्य में कुल मरीजों की संख्या 10,641 पहुंची; अब तक राज्य में 7 हजार से अधिक लोग स्वस्थ होकर घर लौटे
दैनिक भास्कर
Jun 14, 2020, 07:35 AM ISTभोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोनावायरस के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सरकार ने कहा कि 462 गांवों के 951 लोगों का टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसमें से 32 लोगों की मौत हो चुकी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के सभी 52 जिलों में महामारी फैल चुकी है। इस हफ्ते की शुरुआत में राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अफसरों को राजधानी भोपाल पर नजर रखने के निर्देश दिए थे। बाकी जगहों में हालात नियंत्रण में हैं।
पंचायत और ग्रामीण विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, संक्रमित मिले 951 लोगों में से 479 मजदूर हैं। इसमें वे भी शामिल हैं जो दूसरे राज्यों से लौटकर अपने घर आए। डेटा बताता है कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में 336 लोग 21 मई को संक्रमित हो गए थे। इनमें 130 मजदूर थे और 206 अन्य ग्रामीण थे। ग्रामीण इलाकों से अब तक 29 हजार 881 लोगों के स्वैब सैंपल लिए जा चुके हैं।
22 दिन में 462 गांवों में फैली महामारी
रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि 21 मई को गांवों के जिन 186 लोगों में संक्रमण का पता लगा था, उन्होंने महज 22 दिन में 462 गांवों में बीमारी फैला दी।
इंदौर के गांवों में सबसे ज्यादा पॉजिटिव
रिपोर्ट के मुताबिक, इंदौर जिले में आने वाले गांवों में सबसे ज्यादा कोरोना 90 मरीज पाए गए हैं। खरगोन के गांवों में 51, भिंड के गांवों में 50, नीमच में 43, ग्वालियर में 42 और बुरहानपुर के गांवों में 41 पॉजिटिव मिले।
इंदौर के गांवों में संक्रमण से 14 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 6 अकेले बांक गांव में हुई। पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बीमारी रोकने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
शनिवार को 197 नए केस सामने आए
शनिवार को 197 नए केस आने के बाद अब प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार 641 पर पहुंच गई है। प्रदेश में शनिवार को कोरोना संक्रमित 7 लोगों की मौत की पुष्टि हई है। जिससे राज्य में मौतों की संख्या 447 पहुंच गई है।
भोपाल में शनिवार को 63 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें भोपाल में विधायक और कांग्रेस युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने की पुष्टि हुई। चौधरी ने कहा कि उन्होंने डॉक्टरों की सलाह पर खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में अब तक कोरोना से 7201 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में 24 घंटे के 159 लोग कोरोना महामारी से ठीक हुए हैं। इन सभी लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे गई है। बाकी के बचे हुए मरीजों का इलाज राज्य के विभिन्न अस्पतालों में किया जा रहा है।

विधायकों को वोट डालने के पहले देना होगा शपथ पत्र
मध्यप्रदेश में आगामी 19 जून को होने वाले राज्यसभा निर्वाचन के लिए विधायकों को 'नो-कोविड कॉन्टेक्ट डिक्लेरेशन' देना अनिवार्य कर दिया गया है। कोरोनावायरस संक्रमितों के कॉन्टेक्ट आने वालों को अलग से मतदान की व्यवस्था की जाएगी। वोट डालने के लिए सभी को पल्स ऑक्सीमीटर और थर्मल गन से होकर जाना होगा। इस दौरान कोविड-19 से बचाव की सभी गाइडलाइन का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। इसमें किसी तरह की ढील नहीं होगी।

भोपाल: आईसर भौंरी क्वारैंटाइन सेंटर में 11 संक्रमित मिले
भोपाल में 63 नए केस में कांग्रेस विधायक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग उनकी हिस्ट्री ट्रेस कर रहा है। जो लोग उनके संपर्क में आए हैं, उनकी भी सैंपलिंग कराई जाएगी। संक्रमितों में 4 और 8 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, आईसर क्वारैंटाइन सेंटर भौंरी में फिर से 11 संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके पहले भी वहां पर 9 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। एम्स में भी एक मरीज पॉजिटिव पाया गया है। भोपाल में संक्रमितों की संख्या 2145 हो गई है, इनमें से 69 की मौत हो गई।

इंदौर: कोरोना के मामले 4000 पार, 166 की मौत
इंदौर में कोरोना वायरस 'कोविड 19' के 57 नए मामले आने के बाद संक्रमितों की संख्या 4029 हो गयी है, जबकि मृतकों की संख्या 166 तक जा पहुंच गई है। यहां पर 2701 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ एमपी शर्मा द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 2131 सैंपल में 57 संक्रमित पाए गए हैं। 1762 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
वीकेंड लॉकडाउन का पहला दिन / जालंधर की सब्जी मंडियों में उमड़ी भीड़; अमृतसर में एसजीपीसी का सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने पर जोर
- राज्य में अब तक कोरोना से संक्रमित पाए जा चुके 3054 लोगों में से 63 की मौत हो चुकी है
- बठिंडा में रात 10 बजे के बाद भी ठेके, अहाते और ढाबे खुले थे, लोगाें का आना-जाना लगा था
दैनिक भास्कर
Jun 13, 2020, 09:32 PM ISTजालंधर. शनिवार को प्रदेश सरकार की तरफ से लगाए गए वीकेंड लॉकडाउन के पहले दिन प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। हालांकि, कुछ जगहों पर लोगों की लापरवाही भी सामने आई। जालंधर में सब्जी मंडी एकदम सामान्य दिनों की तरह खुली।
अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब में आने वाली संगत की सावधानी को लेकर एसजीपीसी (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) पूरी तरह सचेत है। एसजीपीसी के सभी अधिकारियों के साथ इस संबंधी बैठक की गई। एसजीपीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रजिदर सिंह मेहता के मुताबिक बैठक में फैसला लिया गया कि माथा टेकने के लिए आने वाली संगत को आवश्यक दूरी बनाकर माथा टेकने और सेहत विभाग की ओर से तय नियमों को अपनाने के लिए हिदायतें दी जाएं।

दूसरी ओर कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को संगरूर में एक कोरोना पाॅजिटिव की मौत हो गई। इसे मिलाकर अब तक राज्य में 63 लोगों की जान जा चुकी है और संक्रमितों की कुल संख्या भी 3054 हो चुकी है।
देर शाम प्रशासन ने अनुमति दी, कुछ कारोबारियों में आज सुबह भी था असमंजस
जालंधर में शनिवार को प्रतापपुरा और मकसूदां सब्जी मंडी बिल्कुल सामान्य दिनों की तरह लगी। यहां सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को ताक पर रखकर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने भी पहुंच गए। इससे पहले शुक्रवार को मंडियां बंद रखने पर सहमति बनाई गई थी, लेकिन देर शाम जिला प्रशासन की ओर से मंडी खोलने की इजाजत दिए जाने के बाद फिर से शनिवार को मंडी खोलने की घोषणा कर दी गई। कारोबारी आखिर शनिवार सुबह मंडी में माल बेचने पहुंच गए। रविवार को जिले की सभी मंडियां बंद रहेंगी, जिसके चलते आज लोगों ने जमकर फल-सब्जियों की खरीदारी की।

लुधियाना शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस की ओर से नाकाबंदी की गई है और बिना वजह घर से निकलने वाले लोगों को लौटाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस नियम तोड़ने वालों का चालान भी काट रही है। एसीपी स्तर के अधिकारी सड़क पर उतरकर जांच कर रहे हैं। कुछ जगहों पर पुलिस ने गश्त भी बढ़ाई है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने एक युवक को देसी पिस्तौल के साथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान चंदन तिवाड़ी निवासी गांव कमली जंगली थाना पिपराय जिला मुज्जफरपुर बिहार के तौर पर हुई है।

पंजाब-हरियाणा शंभू बाॅर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं। अधिक वाहन होने के कारण सेहत विभाग की टीम केवल खानापूर्ति करती नजर आई। दूसरे राज्यों से आने वालों की पूरी तरह से जांच या मेडिकल स्क्रीनिंग नहीं हो पाई। शनिवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय लॉकडाउन दौरान राज्य के बॉर्डर सील कर पुलिस, शिक्षा और सेहत विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। शंभू बैरियर पर लगे रिलीफ कैंप में तीनों टीमें काम करती नजर आई, ताकि शनिवार और रविवार को पूरी जांच के बाद ही लोगों को पंजाब में प्रवेश दिया जाए।
कोटकपूरा में भीड़ को कंट्रोल करने के लिए चार-चार पुलिस कर्मियों वाली 5 स्पेशल टीम तैनात
कोटकपूरा में कहीं भी भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए चार-चार पुलिस कर्मियों पर आधारित पांच टीमें बनाई गई हैं, जो शहर में भीड़ को नियंत्रित करेंगी। इसके अलावा पांच पीसीआर वैनें लगाई गई हैं। डीएसपी बलकार सिंह संधू ने बताया कि सब्जी मंडी में हर रोज समय से पहले ही पुलिस की एक टीम मौजूद रहती है। शहर के चारों मुख्य श्मशान घाटों की प्रबंधकीय कमेटियों को निर्देश दिया गया है किसी भी अंतिम संस्कार होने से एक घंटा पहले पुलिस को सूचित किया जाए, ताकि वहां भीड़ इकट्ठा न हो। शहर के सभी धार्मिक संस्थानों को चलाने वाली कमेटियों को भी नियमों का पालन करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

शुक्रवार रात यह थे बठिंडा के ठेकों,अहातों और ढाबों के हाल
बठिंडा में रात के 10 बजे तलवंडी साबो रोड पर जस्सी चौक के पास एचबीएन कॉलोनी के सामने स्थित शराब का ठेका खुला हुआ था। लोग वहां से शराब ले रहे थे। बाहरी जगहों से आने वाले ड्राइवर ठेके से शराब ले रहे थे। अहाते पर भी कुछ ग्राहक थे और अहाते वाले उनको सामान दे रहे थे। हालांकि उन्होंने मास्क पहने हुए थे। उधर जस्सी चौक पर दो ढाबे हैं। दोनों ही रात के लगभग ग्यारह बजे तक खुले रहते हैं। कोई भी अधिकारी उनको बंद कराने नहीं पहुंचा।

बटाला में खोखे हटाने पहुंची नगर निगम टीम से धक्का-मुक्की
बटाला में सिविल अस्पताल के पास अतिक्रमण करके लगाए गए खोखों को हटा रहे निगम के रिकवरी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह और अन्य कर्मचारियों से लोगों ने धक्का-मुक्की की। विरोध के चलते निगम के कर्मचारियों को कार्रवाई बीच में छोड़कर जाना पड़ा। धक्का-मुक्की करने वाले लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दी गई है। उधर लोगों का आरोप है कि वे कई साल से खोखे में अपना छोटा-मोटा धंधा कर रहे थे। लोगों ने कुछ देर रोड भी जाम किया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामले को ठंडा कर दिया।
- Get link
- X
- Other Apps
Comments
Post a Comment