डिप्रेशन की शिकार हुईं मरीना कुवर,

अवसाद में एक्ट्रेस / सोनू-भूषण विवाद में नाम आने के बाद डिप्रेशन की शिकार हुईं मरीना कुवर, मनोचिकित्सक के पास जाकर ली सलाह

मरीना एक मॉडल और टीवी एक्‍ट्रेस हैं। वे 2018 में बॉलीवुड में चल रहे मीटू कैम्पेन के दौरान चर्चा में आई थीं।

दैनिक भास्कर

Jun 25, 2020, 07:06 PM IST

सोनू निगम और भूषण कुमार से जुड़े विवाद में अपना नाम आने के बाद मॉडल और एक्ट्रेस मरीना कुवर अवसाद में चली गई हैं। सोनू ने हाल ही में एक वीडियो जारी करते हुए मरीना का नाम लेकर टी-सीरीज के मालिक को एक्सपोज करने की धमकी दी थी। जिसके बाद परेशान मरीना डिप्रेशन की शिकार हो गई और उन्हें एक मनोचिकित्सक के पास सलाह लेने के लिए जाना पड़ा।

मरीना को बुधवार शाम मुंबई में एक साइकाइट्रिस्ट के ऑफिस के बाहर देखा गया। इस बारे में जानकारी देते हुए एक सूत्र ने बताया कि वे फिलहाल काफी दबाव में हैं और वहां इलाज हेतु कंसल्ट के लिए गई थीं। सूत्र के मुताबिक स्थिति में सुधार होने पर वे इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करेंगी। पिछले दो दिनों से वे सोशल मीडिया पर जिस तरह की पोस्ट्स शेयर कर रही हैं, उससे भी उनकी मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

आप हर वक्त मजबूत नहीं रह सकते

गुरुवार दोपहर किए अपने ट्वीट में मरीना ने लिखा, 'आप हर समय मजबूत नहीं रह सकते। कभी-कभी आपको बिल्कुल अकेले रहते हुए आंसुओं को बाहर निकाल देने की जरूरत रहती है। #मुश्किलसमय'

एक दिन पहले मरीना ने शेयर की थी ये पोस्ट

सोनू ने लिया था मरीना कुवर का नाम

इससे पहले 22 जून को सोनू ने इंस्टाग्राम एक वीडियो शेयर करते हुए भूषण कुमार से कहा था, 'मरीना कुवर याद है ना, वो क्यों बोली, क्यों बैक आउट किया। उसका वीडियो मेरे पास पड़ा है, अब अगर तूने मेरे से पंगा लिया, तो वो वीडियो मैं अपने यू-ट्यूब चैनल पर डाल दूंगा, समझा। मेरे मुंह मत लगना।'

नाम सामने आने के बाद मरीना ने बताई थी हालत

सोनू निगम के खुलासे के बाद मरीना कुवर सुर्खियां में आ गई थीं, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी हालत सबको बताई थी। मरीना ने लिखा था- 'जब आपकी जिंदगी कुछ अनचाही घटनाओं की वजह से पूरी तरह बदल जाती है, तो उस वक्त आपके पास अवसाद में जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता। कोई नहीं जानता कि इससे आपकी जिंदगी पर कितना बुरा असर पड़ता है। कई बार हम हार जाते हैं और जिंदगी खत्म कर लेते हैं। मैं बहुत ज्यादा अवसादग्रस्त महसूस कर रही हूं।'

मरीना ने भूषण पर लगाए थे आरोप

मरीना एक मॉडल और टीवी एक्‍ट्रेस हैं। वे 2018 में बॉलीवुड में चल रहे मीटू कैम्पेन के दौरान चर्चा में आई थीं। उन्होंने निर्देशक साजिद खान और भूषण कुमार पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। न्यूज चैनल आज तक को दिए इंटरव्‍यू में मरीना ने कहा था कि भूषण कुमार ने हनी सिंह के वीडियो में काम देने के नाम पर उन्‍हें एक जगह पर बुलाया था और गलत हरकत करने की कोशिश की थी।

कई टीवी शो में नजर आ चुकीं मरीना

मरीना के करियर की बात करें तो उन्हें सीआईडी, आहट, शपथ, जग्गू दादा में देखा गया था। 2017 में यह भी खबरें आई थीं कि वे अक्षय कुमार के साथ मिलियन डॉलर बेबी के हिन्दी रीमेक में नजर आएंगी, हालांकि यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका। मॉडलिंग कर चुकीं मरीना बोल्ड फोटोशूट के लिए भी जानी जाती हैं। 

Comments

Popular posts from this blog

क्या सचिन पायलट की पत्नी सारा पायलट चाहती हैं कि वे भाजपा में शामिल हो जाएं?

31 अगस्त से स्कूल खुलने का मैसेज झूठा है,

सियासी संग्राम के 7वें दिन ऑडियो धमाका