योग की तस्वीर पर बयानबाजी
योग की तस्वीर पर बयानबाजी / कमलनाथ ने योग करते हुए अपनी फोटो ट्वीट की, भाजपा ने कहा- यहां भी फर्जीवाड़ा ये तो पिछले साल की है
- भाजपा प्रवक्ता का आरोप- पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने योग करते हुए जो तस्वीर पोस्ट की है वो सीएम हाउस की है
- भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को हमने जांचा तो वो सही निकले, कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते हुए भी यही फोटो ट्वीट किया था
दैनिक भास्कर
Jun 21, 2020, 09:11 PM ISTभोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को योग की मुद्रा में बैठे हुए अपनी एक फोटो ट्वीट करके प्रदेशवासियों को विश्व योग दिवस पर बधाई दी। ट्वीट में इस्तेमाल की गई तस्वीर को लेकर भाजपा ने उन पर तंज कसा है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि कमलनाथ के ट्विटर पर विश्व योग दिवस पर उनके योगासन करने संबंधी तस्वीर पिछले साल की है। सिर्फ यही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि जनता के साथ फर्जीवाड़ा करते करते कांग्रेस के बड़े नेता निजी जीवन में भी उसे आत्मसात करने लगे हैं।
दैनिक भास्कर ने जब भाजपा के आरोप की सत्यता सोशल मीडिया पर चेक की तो वो सही निकली। पिछले साल यानी 21 जून 2019 को कमलनाथ ने बतौर मुख्यमंत्री रहते हुए किए योग दिवस पर जो ट्वीट किया था वह हम आपको दिखा रहे हैं।

विजयवर्गीय ने कमलनाथ द्वारा जारी योगासन की तस्वीर के बारे में कहा कि पिछले वर्ष जब वे मुख्यमंत्री थे, तब 21 जून को आयोजित अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के सरकारी आयोजन में उन्होंने भाग नहीं लिया था, लेकिन जब उन्हें तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, तो आनन फानन में मुख्यमंत्री निवास में कथित रूप से योग करते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया में जारी करवाई थी। विजयवर्गीय ने कहा कि मजेदार बात तो यह है कि इस वर्ष यानी 21 जून 2020 को कमलनाथ मुख्यमंत्री नहीं है और वे मुख्यमंत्री आवास को खाली भी कर चुके हैं। फिर भी आज उनके ट्विटर हैंडल से वही एक साल पुराना चित्र जारी किया गया है, जो मुख्यमंत्री आवास का है।
कमलनाथ ने आज किया ये ट्वीट उसमें भी पुराना फोटो ही है, जिस पर भाजपा ने तंज कसा है
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक सलूजा ने दिया भाजपा नेताओं को जवाब
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कमलनाथ के ट्विटर हैंडल से देश और प्रदेश की जनता को योग दिवस की बधाई देने संबंधी ट्वीट और इसके बाद भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया के संदर्भ में कहा कि इस ट्वीट में कमलनाथ की एक पुरानी योग करती हुई तस्वीर को प्रतीकात्मक रूप से साझा किया गया है। इसमें कहीं भी नहीं लिखा गया कि यह उनकी आज की तस्वीर है।
उन्होंने कहा कि इस ट्वीट के बाद 'फेक न्यूज़ व डर्टी पॉलिटिक्स' में माहिर भाजपा के प्रवक्ता चालू हो गए कि कमलनाथ ने योग दिवस पर आज योगासन करने की फ़र्ज़ी जानकारी अपने ट्विटर हैंडल पर जारी की। जबकि इस ट्वीट में कहीं भी यह जानकारी नहीं लिखी गयी है कि श्री कमलनाथ के आज के योगासन की यह तस्वीर है। सलूजा का कहना है कि कमलनाथ प्रतिदिन योग करते हैं और उन्हें किसी तरह के दिखावे की जरुरत नहीं है।
Comments
Post a Comment