कश्मीरी लड़की को परीक्षा देने जाने से रोकते सैनिकों की यह फोटो 17 साल पुरानी है. इसे हाल की घटना बताकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है
फेक vs फैक्ट:कश्मीरी लड़की को परीक्षा देने जाने से रोकते सैनिकों की यह फोटो 17 साल पुरानी है. इसे हाल की घटना बताकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है
- 19 नवंबर 2003 को आतंकियों और सेना के बीच हुई मुठभेड़ के चलते लड़की को परीक्षा देने जाने से रोका गया था
- मुठभेड़ में सैनिक और पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिस वजह से इलाका सील किया गया था
क्या वायरल : सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की जा रही है। इसमें सड़क पर बस्ता और किताब लेकर बैठी रोती हुई लड़की दिख रही है। लड़की के सामने सेना के जवान खड़े हुए हैं। फोटो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि सेना कश्मीर में इस लड़की को परीक्षा देने जाने से रोक रही है।
इस फोटो को कश्मीर के नाम से बनाए गए कई सोशल मीडिया हैंडल्स से 20 जुलाई के बाद शेयर किया गया है। जाहिर है पहली नजर में देखने पर लगता है कि घटना हाल ही की है। यही वजह है कि कई यूजर इसे हाल ही की घटना मानकर दुख व्यक्त कर रहे हैं और फोटो शेयर कर रहे हैं।
जून 2018 से जम्मू- कश्मीर में राष्ट्रपति शासन लागू था। इसके बाद कश्मीर में कभी आतंकी गतिविधियों, कभी आतंकियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन की वजह से एक बड़़ी आबादी को लॉकडाउन जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। 5 अगस्त, 2019 को राज्य से धारा 370 हटी। इसके बाद भी लंबे समय तक कर्फ्यू लगा रहा और इंटरनेट सेवाएं भी बंद रहीं। इस बीच कश्मीर से कई ऐसी तस्वीरें आईं, जो वहां के नागरिकों के जीवन की कहानी बयां कर रही थीं। लेकिन, इसी बीच कई भ्रमित करने वाली फोटो और वीडियो भी आए।
सोशल मीडिया पर इस तरह फोटो शेयर की जा रही है
फैक्ट चेक पड़ताल
- हमने सभी प्रमुख न्यूज वेबसाइट पर कश्मीर से जुड़ी खबरें पढ़ीं। इनमें हमें वायरल हो रही फोटो या इससे जुड़ी घटना का कोई जिक्र नहीं मिला।
- फोटो को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर पता चला कि यह Getty Images की वेबसाइट से ली गई है।
- Getty Images वेबसाइट पर फोटो से जुड़ी घटना का पूरा विवरण दिया हुआ है। वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार : 18 नवंबर, 2003 को श्रीनगर में आर्मी हैडक्वार्टर के पास सेना और इस्लामिक मिलिटेंट्स के बीच झड़प हुई थी। 19 नवंबर को कुछ तत्वों ने इलाके में ग्रेनेड बिछा दिए, जिससे दो सैनिक और एक पुलिसकर्मी घायल भी हो गए। इस घटना के बाद सेना ने इलाके को सुरक्षा के मद्देनजर सील कर दिया। फोटो में दिख रही लड़की का घर सील किए गए इलाके में ही था। फोटो 19 नवंबर, 2003 की है। सेना के जवानों द्वारा परीक्षा देने जाने से रोकने पर यह कश्मीरी लड़की दुखी है। इस घटना को कैमरे में कैद किया है फोटोग्राफर तौसीफ मुस्तफ़ा ने।
निष्कर्ष : कश्मीर की हाल की घटना का बताकर शेयर की जा रही फोटो असल में 17 साल पुरानी है।


Comments
Post a Comment