रिम्स में दो और कोरोना संक्रमितों की मौत, कुल पॉजिटिव 5555; राज्य की सभी सीमाएं सील
झारखंड: अनलॉक-2 का 19वां दिन:रिम्स में दो और कोरोना संक्रमितों की मौत, कुल पॉजिटिव 5555; राज्य की सभी सीमाएं सील
- रांची के सुखदेव नगर निवासी 65 वर्षीय व धनबाद के 68 वर्षीय कोरोना संक्रमित मरीज ने तोड़ा दम
- आज से 31 जुलाई तक गढ़वा शहर नगर परिषद क्षेत्र में लाॅकडाउन लगा, ग्रामीण क्षेत्रों से यात्री वाहनों के आवागमन पर रोक
- झारखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों को रोकने के लिए गांव के बाहर भी बैरिकेडिंग की गई
कोराेना संक्रमित मरीजों की मौत का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। रिम्स में आज दो संक्रमितों की मौत हो गई। इसके साथ ही अब राज्य में कोरोना संक्रमितों के मौत का आंकड़ा 62 पहुंच गया है। इधर, कोरोना संक्रमण के विस्तार पर ब्रेक लगाने के उद्देश्य से झारखंड की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। बिहार, बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ सीमा पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद यहां मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बलों की तैनाती की गई है। पास वाले वाहनों में सवार लोगों को भी मेडिकल जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं, दूसरे राज्यों से ग्रामीण क्षेत्र के रास्ते झारखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों को रोकने के लिए गांव के बाहर भी बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, कुल संक्रमितों की संख्या 5555 पहुंच गई है।
रांची और धनबाद के रहने वाले थे मरीज
कोरोना संक्रमण से शनिवार को भी चार मरीजों की मौत हुई थी। रविवार को रिम्स में मरने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों में एक रांची व दूसरा धनबाद का रहने वाला है। रांची के सुखदेव नगर निवासी 65 वर्षीय मरीज को हार्ट की समस्या थी और हार्ट अटैक के बाद रविवार को मौत हो गई। वहीं, धनबाद निवासी 68 वर्षीय मरीज निमोनिया से पीड़ित था और रिम्स के कोविड-19 सेंटर में भर्ती था।
हजारीबाग पहले से लॉक
वही, गढ़वा में चार दिन में 89 कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में रविवार से 31 जुलाई तक लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस दौरान दवा, और फल-सब्जी की दुकानें खुली हैं। किराना दुकानें सुबह आठ से दोपहर 2 बजे तक खुलेंगी। शाम 7 बजे के बाद बेवजह बाहर घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। दोबारा लॉकडाउन लगने वाला गढ़वा दूसरा शहर है। हजारीबाग पहले से लॉक है।
गुमला के जारी में कोरोना संक्रमण से बचने के लिए बाजार समिति के लोगों ने छत्तीसगढ़ से आने वाले व्यापारियों के बाजार आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बाद से बाजार में सन्नाटा पसरा है।10 चेकनाकों पर विशेष चौकसी बरती जा रही
इधर, सरकार के आदेश के बाद आवश्यक सेवा को छोड़, बिना पास के दूसरे राज्यों से आने वाले वाहन और लोगों के प्रवेश करने पर रोक लगाई गई है। बिहार से सटे सभी 10 चेकनाकों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। क्योंकि बिहार में कोरोना महामारी की स्थिति झारखंड से भयावह है।153 नए मरीजों की हुई पुष्टि
रविवार को 153 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। नए मरीजों के मिलने के बाद राज्य में कुल पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 5555 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा 32 मरीज रांची के हैं। बोकारो 3, धनबाद 10, देवघर 4, दुमका 2, पूर्वी सिंहभूम 25, गढ़वा 3, गिरिडीह 4, गोड्डा 1, गुमला 6, हजारीबाग 26, खूंटी 1, कोडरमा 5, लोहरदगा 25, रामगढ़ 1, और साहेबगंज 5 मरीज मिले।गढ़वा में लॉकडाउन के बाद लोगों को यात्री वाहन नहीं मिले। इससे कई लोगों को पैदल ही सफर तय करना पड़ा।अब तक राज्य में 62 संक्रमितों की मौत
इधर, राज्यभर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 62 है। इनमें रांची के 15, धनबाद में 10, पूर्वी सिंहभूम में 07, हजारीबाग में 05, गिरिडीह में 04, गोड्डा में 03, बोकारो, देवघर, गुमला और साहेबगंज, कोडरमा के 02-02, जबकि पश्चिमी सिंहभूम, चतरा, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़ और देवघर के 01-01 मरीज की मौत हो चुकी है। प्रशासन राज्य में रिटायर्ड डीडीसी और बंगाल के एक मजदूर की मौत को आंकड़े में शामिल नहीं किया है।



Comments
Post a Comment