दुनियाभर में अब तक 6.39 लाख मौतें हुईं, जबकि 96 लाख से ज्यादा ठीक हुए

कोरोना दुनिया में:फ्लोरिडा में 24 घंटे में 12 हजार से ज्यादा मरीज मिले, ब्रिटेन में 3 करोड़ लोगों को फ्री में फ्लू का टीका लगाया जाएगा; दुनिया में 1.58 करोड़ केस

  • दुनियाभर में अब तक 6.39 लाख मौतें हुईं, जबकि 96 लाख से ज्यादा ठीक हुए
  • अमेरिका में 42 लाख से ज्यादा मरीज, अब तक 1.47 लाख लोगों की मौत हुई
  • दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 1 करोड़ 58 लाख 47 हजार 599 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 96 लाख 51 हजार 426 ठीक हो चुके हैं, जबकि 6 लाख 39 हजार 951 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

    अमेरिका के सबसे संक्रमित राज्यों में से एक फ्लोरिडा में 24 घंटे में 12,329 मरीज मिले हैं। वहीं, 135 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही यहां संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख 97 हजार 470 हो गया है, जबकि अब तक 5653 की जान जा चुकी है।

    उधर, ब्रिटेन में तीन करोड़ लोगों को फ्री में फ्लू का टीका लगाया जाएगा। सर्दियों के मौसम में संक्रमण के और तेजी से फैलने की आशंका है। टीका 50 साल से ऊपर के लोगों और उनके साथ रहने वालों को लगाया जाएगा। यहां पहली बार सेकंड्री स्कूल में पहले साल के बच्चे को भी टीका लगाया जाएगा।

    10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा

    देश

    कितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
    अमेरिका42,03,8721,47,83619,91,969
    ब्राजील23,03,66184,44015,70,237
    भारत13,37,02131,4058,48,986
    रूस8,00,84913,0465,88,774
    द.अफ्रीका4,08,0526,0932,36,260
    पेरू3,71,09617,6542,55,945
    मैक्सिको3,70,71241,9082,36,209
    चिली3,38,7598,8383,11,431
    स्पेन3,19,50128,432उपलब्ध नहीं
    ब्रिटेन2,97,91445,677उपलब्ध नहीं

    दुनियाभर में 1 करोड़ 56 लाख से ज्यादा मामले

    अमेरिका: 19 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए

    दुनिया के सबसे प्रभावित अमेरिका में अब तक 42 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। इनमें 19 लाख 91 हजार 969 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 1 लाख 47 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। यहां न्यू मैक्सिको सिटी, अलाबामा, हवाई, इंडियाना और मिसौरी में संक्रमण के मामले काफी तेजी से बढ़े हैं।

    संक्रमण को लेकर पुतिन और ट्रम्प में बातचीत

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को महामारी को लेकर फोन पर चर्चा की। दोनों ने इसे एक बड़ी चुनौती बताया है। पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इसकी जानकारी दी। पुतिन ने ट्रम्प से कहा कि मॉस्को में महामारी से बिगड़े हालात अब काबू में आ रहे है। रूस में सिर्फ राजधानी मॉस्को में इसका असर सबसे ज्यादा हुआ है। वहीं, अमेरिका में संक्रमण का असर दुनिया में सबसे ज्यादा है।

    बेल्जियम: सबसे कम उम्र के मरीज की मौत

    बेल्जियम में संक्रमण से 3 साल की बच्ची की मौत हो गई। देश में कोरोना से जान गंवाने वाली यह सबसे कम उम्र की मरीज थी। सरकार ने यहां एक दिन पहले ही सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य किया है।

    दक्षिण अफ्रीका: स्कूल चार हफ्तों के लिए बंद

    दक्षिण अफ्रीका में संक्रमितों का आंकड़ा 4 लाख के पार हो गया है। देश में सभी स्कूलों को अगले चार हफ्तों के लिए बंद कर कर दिया गया है। राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा विशेषज्ञों के साथ चर्चा करने के बाद यह कदम उठाया गया।

    दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में 22 जुलाई को प्रदर्शन करते रेस्तरांं में काम करने वाले कर्मचारी। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इन्हें खोलने की मांग की।

    फ्रांस: बेरोजगार युवाओं के लिए पैकेज का ऐलान

    फ्रांस ने महामारी से बेरोजगार हुए युवाओं के लिए 6.5 बिलियन यूरो (करीब 5650 हजार करोड़ रुपए) के पैकेज का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री ज्यां कास्ते ने गुरुवार को बताया कि यह योजना दो साल के लिए है। इसके तहत सरकार कंपनियों को 25 साल से कम उम्र के युवाओं को नौकरी देने के लिए सब्सिडी देगी।

    फ्रांस के लियो शहर स्थित एक अस्पताल में मरीज की देखभाल करते डॉक्टर। यहां सरकार ने गरीबों में मास्क बांटने का ऐलान किया है।

    इराक: इंटरनेशनल फ्लाइट्स को मंजूरी

    संक्रमण बढ़ने के बावजूद इराक ने गुरुवार को इंटरनेशनल फ्लाइट्स दोबारा शुरू करने की मंजूरी दे दी। यहां के सिविल एविएशन डिपार्टमेंट ने कहा, ‘‘बगदाद, बसरा और नजफ एयरपोर्ट पर विदेश जाने वाले लोगों की मांग बढ़ी है। इसे देखते हुए इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू की जा रही है।’’ देश में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 2361 नए मामले आए।

    अमेरिका: ट्रम्प ने अपनी पार्टी का कार्यक्रम रद्द किया

    अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा 40 लाख के पार हो गया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए ट्रम्प ने फ्लोरिडा में होने वाला रिपब्लिकन पार्टी का कार्यक्रम रद्द कर दिया। कुछ दिन पहले ही उन्होंने संक्रमण को देखते हुए पहले से तय अपनी रैलियों के बदले टेली रैली करने का ऐलान किया था। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, यहां 4 लाख 21,857 मामलों के साथ कैलिफोर्निया सबसे प्रभावित राज्य बन गया है।

    कैलिफोर्निया के एक टेस्टिंग सेंटर पर लोगों की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी। पिछले कुछ हफ्तों में यहां संक्रमण तेजी से बढ़ा है।

    जर्मनी: स्लॉटर-हाउस के 30 स्टाफ संक्रमित
    जर्मनी के विडनब्रुक शहर के एक स्लॉटर-हाउस में काम करने वाले 30 लोग संक्रमित मिले हैं। इससे पहले यहां 2 हजार लोग संक्रमित मिले थे। सभी को वापस भेज दिया गया था। गुरुवार को जब लॉकडाउन हटने के बाद ये काम पर पहुंचे तो 30 फिर से संक्रमित मिले। इन्हें दोबारा क्वारैंटाइन किया गया।

    ब्राजील: एक दिन में 59 हजार से ज्यादा मामले

    • ब्राजील में एक ही महीने में संक्रमण के मामले डबल हो गए हैं। 23 जून को यहां 11 लाख मामले आए थे लेकिन 23 जुलाई तक यहां संक्रमितों का आंकड़ा 22 लाख के पार हो चुका है। बीते 15 दिनों से यहां हर दिन 50 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। आईसीयू में भर्ती होने वाले मरीजों में भी इजाफा हुआ है।
    • यहां पिछले 24 घंटों में 59 हजार 961 नए मामले मिले हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 22 लाख 87 हजार 475 हो गई है। अब तक 84 हजार 82 लोगों की जान गई है। महामारी से करीब 15 लाख 70 हजार लोग ठीक भी हुए हैं।
    ब्राजील के साओ पाउलो के एक अस्पताल में मरीज को इलाज के लिए ले जाते स्वास्थ्यकर्मी। देश में अब तक 84 हजार लोगों की जान गई है।

    बोलिविया: दूसरी बार चुनाव टाला गया

    बोलिविया में दूसरी बार चुनाव टाल दिए गए हैं। यहां 6 सितंबर को चुनाव होने वाले थे। हालांकि, अब इसके लिए 18 अक्टूबर का समय तय किया गया है।राष्ट्रपति सल्वाडोर रोमर ने गुरुवार को कहा, देश की सेहत की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है। इससे पहले 21 मार्च को भी चुनाव महामारी की वजह से टाला गया था।

    तुर्की: संक्रमितों का आंकड़ा 2 लाख के पार

    तुर्की में पिछले 24 घंटों में 913 नए मामले आने के बाद संक्रमितों की संख्या 2 लाख 23 हजार 315 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री फहरेतिन कोका ने ट्वीट कर बताया कि अब तक 44 लाख 46 हजार 373 लोगों की जांच की जा चुकी है। वहीं 2 लाख 6 हजार 365 लोग ठीक हुए हैं। यहां 5563 मौतें हुई हैं। तुर्की में संक्रमण का पहला मामला 11 मार्च को सामने आया था।


Comments

Popular posts from this blog

क्या सचिन पायलट की पत्नी सारा पायलट चाहती हैं कि वे भाजपा में शामिल हो जाएं?

31 अगस्त से स्कूल खुलने का मैसेज झूठा है,

कश्मीर में भाजपा नेता का अपहरण