कोरोना दुनिया में
कोरोना दुनिया में :अमेरिका के विदेश मंत्री ने कहा- चीन में डब्ल्यूएचओ की जांच सच पर पर्दा डालने जैसी; दुनिया में अब तक 1.36 करोड़ केस
- दुनियाभर में अब तक 5.84 लाख लोगों की जान गई, 79.56 लाख ठीक हुए
- अमेरिका में सबसे ज्यादा 35.93 लाख मरीज, 1 लाख 39 हजार 736 मौतें
दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 1 करोड़ 36 लाख 6 हजार 960 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 79 लाख 56 हजार 981 ठीक हो चुके हैं। वहीं, 5 लाख 84 हजार 102 की जान गई है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने बुधवार को कहा कि चीन में कोरोना को लेकर डब्ल्यूएचओ की जांच सच पर पर्दा डालने जैसा है। वहीं, स्पेन के वैज्ञानिकों ने बताया है कि मुंह में छाले होना या त्वचा पर चकत्ते पड़ना भी कोरोनावायरस से संक्रमित होने का लक्षण हो सकता है।
जामा डर्मेटोलॉजी जर्नल में इस स्टडी को पब्लिश किया गया है। इसके मुताबिक स्पेन में हुए एक अध्ययन में 21 मरीजों में कोविड-19 के साथ त्वचा पर लाल चकत्ते भी मिले। इसमें, छह मरीजों के मुंह में छाले या दाने थे। हालांकि, अभी यह शुरुआती अध्ययन है। कुछ सटीक कहने के लिए बड़े अध्ययन की जरूरत है। स्पेन में 24 घंटे में संक्रमण के 390 नए मामले सामने आए हैं। यहां 3 लाख से ज्यादा संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 28 हजार से ज्यादा की जान जा चुकी है।
10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
| अमेरिका | 35,93,333 | 1,39,736 | 16,24,586 |
| ब्राजील | 19,39,167 | 74,445 | 12,13,512 |
| भारत | 9,70,169 | 24,929 | 6,13,735 |
| रूस | 7,46,369 | 11,770 | 5,23,249 |
| पेरू | 3,33,867 | 12,229 | 2,23,261 |
| चिली | 3,21,205 | 7,186 | 2,92,085 |
| मैक्सिको | 3,11,486 | 36,327 | 1,93,976 |
| द.अफ्रीका | 3,11,049 | 4,453 | 1,60,693 |
| स्पेन | 3,04,574 | 28,413 | उपलब्ध नहीं |
| ब्रिटेन | 2,91,911 | 45,053 | उपलब्ध नहीं |
अमेरिका: ट्रम्प ने ट्वीट किया- वैक्सीन को लेकर बड़ी खबर
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार शाम ट्वीट किया कि वैक्सीन को लेकर बड़ी खबर। इसके आगे उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी। इससे पहले बुधवार को ही अमेरिकी फार्मा कम्पनी मॉडर्ना ने 27 जुलाई से वैक्सीन (mRNA-1273) के तीसरे चरण का ह्यूमन ट्रायल शुरू करने के बारे में बताया था। ट्रम्प का ट्वीट इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
मंगलवार को अमेरिका में 67 हजार नए मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की कुल संख्या 35 लाख 69 हजार 837 हो गई है।
कनाडा-मैक्सिको ने यूएस से लगे बॉर्डर को 21 अगस्त तक सील किया
कनाडा और मैक्सिको ने अमेरिका से सटी सीमा पर लगाई गई पाबंदियां 21 अगस्त तक बढ़ा दी है। अब अगले एक महीने तक इन दोनों से अमेरिका के बीच कोई भी गैर-जरूरी यात्रा नहीं कर सकेगा। दोनों देशों ने अमेरिका में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला किया है।
फ्रांस: पब्लिक प्लेस में मास्क लगाना जरूरी
फ्रांस में सभी पब्लिक प्लेस पर अगले कुछ हफ्तों तक मास्क लगाना जरूरी कर दिया गया है। राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। फ्रांस सरकार ने स्वास्थ्यकर्मियों के वेतन में कुल 8 बिलियन यूरो (करीब 687 अरब रु.) की बढ़ोतरी की है। इससे एक स्वास्थ्यकर्मी के वेतन में हर महीने औसतन 183 यूरो( करीब 15 हजार रु.) का इजाफा होगा। यहां स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमण फैलने के बाद से ही वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
ऑस्ट्रेलिया: पीएम मॉरिसन ने कहा- दूसरी लहर में देश बंद नहीं होगा
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा है कि संक्रमण की दूसरी लहर में देश बंद नहीं होगा। उन्होंने मंगलवार को कहा, ‘‘अगर फिर से देश को बंद किया गया तो बेरोजगारी और बढ़ेगी। ऐसा करना ठीक नहीं होगा। जब तक ऑस्ट्रेलिया में दूसरे देशों से मेडिकल सप्लाई नहीं पहुंचेगी, तब तक संक्रमण को खत्म करना संभव नहीं है।’’
हॉन्गकॉन्ग: डिज्नीलैंड फिर से बंद
हॉन्गकॉन्ग ने अपने यहां यात्रा प्रतिबंध और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम सख्त कर दिए हैं। यहां तीसरी लहर की आशंका है। ऐसे में डिज्नीलैंड को दोबारा बंद कर दिया गया। एक महीने पहले ही इसे खोलने की इजाजत दी गई थी। बीते एक हफ्ते में यहां 236 नए केस सामने आ चुके हैं। सोमवार को केवल 52 नए मामलों की पुष्टि हुई।
मैक्सिको: 7 हजार से ज्यादा नए मामले आए
मैक्सिको में मंगलवार को 7 हजार 51 नए मामले सामने आए और 836 लोगों की मौत हुई। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब यहां संक्रमितों की संख्या 3 लाख 11 हजार 486 हो गई है। यहां अब तक 36 हजार 327 लोगों की जान गई है। सरकार ने बढ़ते मामलों को देखते हुए तीसरी बार अमेरिका से लगी सीमा बंद करने की घोषणा की है।
ब्राजील: एक दिन में 40 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले
ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यहां मंगलवार को 41 हजार 857 नए मामले सामने आए और 1 हजार 300 मौतें हुईं। इसके साथ देश में संक्रमितों की संख्या 19 लाख 39 हजार 167 और मौतों का आंकड़ा 74 हजार 445 हो गया।
ईयू: सर्बिया और मोंटेनेग्रो सुरक्षित देशों की लिस्ट से बाहर
यूरोपियन यूनियन (ईयू) ने सर्बिया और मोंटेनेग्रो को अपने सुरक्षित देशों की लिस्ट से बाहर कर दिया है। इन दोनों देशों में की गैरजरूरी यात्रा भी रोक दी गई है। यहां बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जर्मनी ने इन्हें सुरक्षित देशों की लिस्ट से बाहर करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे मंगलवार को मंजूरी दे दी गई।
मिस्र: स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण के बारे में बोलने पर मनाही
मिस्र सरकार ने स्वास्थ्यकर्मियों पर संक्रमण के बारे में कोई भी जानकारी देने पर मनाही लगा दी है। उन्हें वॉट्सएप और दूसरे प्लेटफार्म पर ही निजी तौर पर कुछ भी नहीं बोलने को कहा गया है। ऐसा न करने वाले के खिलाफ खिलाफ कार्रवाई करेगी। यहां कई डॉक्टरों की गिरफ्तारी की बात भी सामने आई है।






Comments
Post a Comment