अभिषेक बच्चन के पॉजिटिव आते ही अस्थाई रूप से बंद हुआ वह स्टूडियो
कोरोना का डर / अभिषेक बच्चन के पॉजिटिव आते ही अस्थाई रूप से बंद हुआ वह स्टूडियो, जहां वे डबिंग करने जा रहे थे
दैनिक भास्कर
Jul 13, 2020, 06:20 AM ISTअमिताभ बच्चन के बाद उनके बेटे अभिषेक की कोविड रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके बाद वह डबिंग स्टूडियो अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है, जहां अभिषेक अपनी वेब सीरीज ‘‘ब्रेथ: इंटू द शैडो’’ की डबिंग के लिए जा रहे थे। ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा ने यह खबर ट्विटर पर साझा की है।
नाहटा ने अपने ट्वीट में लिखा है- साउंड एंड विजन डबिंग स्टूडियो को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है, क्योंकि कुछ दिन पहले अभिषेक ने वहां अपनी वेब सीरीज 'ब्रेथ: इंटू द शेडो' के डबिंग की थी।
अमिताभ के बंगले जनक को सील किया गया
बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) ने अमिताभ के बंगले जनक को सील कर दिया है। इस बंगले में अमिताभ का ऑफिस है। बिग बी परिवार समेत जलसा में रहते हैं, जिसे रविवार को बीएमसी ने सैनेटाइज कर कंटेंटमेंट जोन घोषित कर दिया है।
अभिषेक के बाहर जाने से घर में कोरोना आया
बच्चन परिवार से जुड़े सूत्रों की मानें तो शायद अभिषेक बच्चन के बाहर जाने के कारण कोरोना परिवार तक पहुंचा है, क्योंकि वे ही कुछ दिनों से अपनी वेब सीरीज की डबिंग के लिए स्टूडियो जा रहे थे, जबकि अमिताभ लॉकडाउन लगने के बाद से घर से बाहर नहीं निकले। यह जानकारी सामने आने के बाद ‘साउंड एंड डबिंग स्टूडियो’ आने वाले सभी लोगों को ट्रेस किया जा रहा है।
अभिषेक ने की कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि
अभिषेक बच्चन ने खुद ट्विटर पर यह जानकारी दी थी कि वे और उनके पिता कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने लिखा था, ‘‘आज हम दोनों, मेरे पिता और मैं कोविड 19 पॉजिटिव पाए गए हैं। हम दोनों को हल्के लक्षण थे, जिसके बाद हम अस्पताल में भर्ती हो गए। हमने सभी जरूरी अथॉरिटीज को जानकारी दे दी है और हमारे परिवार व स्टॉफ के सदस्यों का टेस्ट कराया जा रहा है। मैं सभी से शांत रहने और पैनिक न फैलाने की गुजारिश करता हूं। धन्यवाद।’’
इससे पहले अमिताभ ने नानावटी अस्पताल में भर्ती होने की खबर दी थी, जहां उन्हें आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया है। बिग बी ने लिखा था, ‘‘मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। अस्पताल में भर्ती हो चुका हूं। मेरे परिवार और स्टाफ के लोगों का टेस्ट हुआ है। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है। पिछले 10 दिनों में मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से गुजारिश है कि वे अपना टेस्ट कराएं।’’
Comments
Post a Comment