वीगन वाला होर्डिंग हटने का फैक्ट चेक

वीगन वाला होर्डिंग हटने का फैक्ट चेक / लखनऊ पुलिस के अधिकारी ने भास्कर को बताया - होर्डिंग हटाने से पहले PETA से नहीं पूछा गया था

  • सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि PETA ने होर्डिंग लगाने के बाद खुद हटा लिया
  • PETA ने कहा - हम लखनऊ से होर्डिंग हटने पर सहमत नहीं हैं

दैनिक भास्कर

Jul 08, 2020, 09:01 PM IST

क्या वायरल : सोशल मीडिया पर लोग PETA (पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल) इंडिया से पूछे रहे हैं कि लखनऊ में वीगन बनने की अपील करता हुआ होर्डिंग संस्था ने किसके डर से हटा लिया? दावा किया जा रहा है कि PETA और लखनऊ पुलिस ने यह होर्डिंग हटा लिया है।

क्या है पूरा मामला ? 

  • पिछले महीने पशुओं के हित में काम करने वाली संस्था PETA ने अलग-अलग शहरों में वीगन बनने की अपील करते हुए कुछ होर्डिंग लगाए थे। होर्डिंग में बकरे की फोटो थी। नीचे लिखा था : हमारे प्रति नजरिया बदलें, वीगन बनें।
  • लखनऊ में भी ऐसा ही एक होर्डिंग लगा था, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। यह बहस छिड़ गई कि ईद से पहले इस तरह का होर्डिंग लगाना कितना सही है और कितना गलत। 
  • सोशल मीडिया पर होर्डिंग वायरल होने के बाद इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने लखनऊ पुलिस को एक लिखित शिकायत दी। जिसमें उन्होंने कहा कि यह होर्डिंग एक समुदाय विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है। इसी बीच अब सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि लखनऊ पुलिस और पेटा ने होर्डिंग हटा लिया है।

दावे से जुड़े ट्वीट

OPINDIA वेबसाइट के एक आर्टिकल में दावा किया गया है कि PETA ने खुद होर्डिंग हटाया है। सोशल मीडिया पर कई लोग इस आर्टिकल के आधार पर दावे को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

फैक्ट चेक पड़ताल 

  • सबसे पहले हमने इस दावे की सत्यता जांचनी शुरू की कि लखनऊ से वीगन वाला होर्डिंग हटा है या नहीं। 
  • आउटलुक वेबसाइट पर IANS न्यूज एजेंसी के हवाले से लिखी हुई 5 जुलाई, 2020 की एक खबर हमें मिली। जिससे ये पुष्टि होती है कि होर्डिंग लखनऊ से हटा लिया गया है। हालांकि, खबर में ये स्पष्ट नहीं है कि होर्डिंग PETA ने हटाया है या लखनऊ पुलिस ने या किसी और ने।
  • PETA INDIA ने 7 जुलाई को ट्विटर पर OPINDIA के उस आर्टिकल का जवाब दिया है, जिसमें दावा किया गया है कि खुद PETA ने वीगन वाला होर्डिंग हटाया है।
  • PETA के जवाब का हिंदी अनुवाद है- पेटा इंडिया केवल हटाने के लिए होर्डिंग नहीं लगाता है, इसलिए आपका आरोप बेबुनियाद है। यह होर्डिंग  दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई में लगे हुए हैं। PETA INDIA लखनऊ में होर्डिंग हटाने पर भी सहमत नहीं हुआ है।
  • होर्डिंग लखनऊ पुलिस ने हटाया है या किसी और ने? इस सवाल का जवाब जानने के लिए हमने लखनऊ पुलिस के आईजी नीलाबजा चौधरी से संपर्क साधा। उनका कहना है - होर्डिंग हटा लिया गया है। लेकिन, चूंकि वो इलाका नगर निगम के क्षेत्र में भी आता है। इसलिए हो सकता है इसे नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के तहत हटाया हो। 
  • जब हमने आईजी नीलाबजा चौधरी से पूछा कि क्या होर्डिंग हटाने से पहले PETA से सहमति के बारे में पूछा गया था? तो उन्होंने कहा कि PETA से इसपर कोई सहमति नहीं ली गई है।

निष्कर्ष : लखनऊ से वीगन वाला होर्डिंग हटाया गया ये बात सही है। लेकिन, PETA INDIA ने नहीं लखनऊ प्रशासन ने होर्डिंग हटाया है। खुद लखनऊ पुलिस के अधिकारी ने कहा है कि होर्डिंग हटाने से पहले PETA की सहमति नहीं ली गई।

Comments

Popular posts from this blog

क्या सचिन पायलट की पत्नी सारा पायलट चाहती हैं कि वे भाजपा में शामिल हो जाएं?

31 अगस्त से स्कूल खुलने का मैसेज झूठा है,

कश्मीर में भाजपा नेता का अपहरण