सुशांत सुसाइड केस:सुब्रमण्यम स्वामी के वकील ने मुंबई कमिश्नर को पत्र लिखा, सुशांत के फ्लैट को अच्छी तरह सील करके सामान सुरक्षित रखने की मांग की
सुशांत सुसाइड केस:सुब्रमण्यम स्वामी के वकील ने मुंबई कमिश्नर को पत्र लिखा, सुशांत के फ्लैट को अच्छी तरह सील करके सामान सुरक्षित रखने की मांग की
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से ही मुंबई पुलिस लगातार छानबीन में लगी हुई है। हालांकि अब तक इस केस में कोई ऐसा सबूत हाथ नहीं लगा है जिससे सुसाइड का मोटिव समझ आ सके। हाल ही में भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने भी पीएम मोदी को खत लिखकर सुशांत का केस सीबीआई को सौंपने की मांग की है।
अब उनके वकील वकील ईशकरण सिंह भंडारी ने हाल ही में मुंबई के कमिश्नर परमबीर सिंह को एक लेटर लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा,' मैं आपको बताना चाहता हूं कि क्राइम सीन को सुरक्षित और सील किया जाए क्योंकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि फ्लैट अच्छी तरह सील नहीं किया गया है।
मुंबई पुलिस द्वारा अब तक घर सील करवाने का कोई बयान भी नहीं आया है। सही तरह से फ्लैट सील हो ताकि घर के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ ना हो'। साथ ही उन्होंने सुशांत की सभी चीजों को भी संभालकर रखने की अपील की है।
सुब्रमण्यम स्वामी ने लिखा था पीएम को खत
इससे पहले भाजपा के सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने पीएम नरेंद्र मोदी को सुशांत मामले में खत लिखकर सीबीआई जांच की मांग की थी। उन्होंने लिखा, 'मेरे वकील ईशकरण भंडारी ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर कुछ रिसर्च की है। हालांकि पुलिस एफआईआर दर्ज करने के बाद अब भी मामले की जांच कर रही है। मैंने मुंबई के अपने सूत्रों से सुना है कि इस मामले में बॉलीवुड के कई बड़े नाम दुबई के डॉन से जुडे़ हुए हैं, इसे पुलिस जांच के जरिए कवर-अप करना चाहते हैं। ताकि इसे अपनी मर्जी से की गई खुदकुशी साबित किया जा सके। महाराष्ट्र सरकार के पास ऐसे कई बड़े लोगों का दबाव है, जिससे यह साबित हो जाएगा कि मिस्टर राजपूत ने खुदकुशी की है'।
आगे उन्होंने लिखा, 'सरकार के हेड होने और मासूम लोगों के लिए आपके झुकाव को देखते हुए, मैं आपसे कहना चाहता हूं कि आप महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को सीधे या राज्यपाल के जरिए सीबीआई जांच के लिए सहमत कर सकते हैं। मुंबई पुलिस पहले ही कोरोना वायरस पैंडेमिक और दूसरे मामलों में व्यस्त है। जनता के भरोसे को बहाल करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है।'
वकील ने दिया न्याय दिलाने का आश्वासन
सुब्रमण्यम के वकील भंडारी ने ट्विटर के जरिए सुशांत के फैंस को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने लिखा, 'कई लोगों ने सुशांत के मामले में न्याय पाने की उम्मीद खो दी है। तभी मैंने निर्णय लिया कि मैं लीगली इस पर काम करूंगा और कोशिश करूंगा कि सीबीआई जांच का आदेश मिले।'
इन सेलेब्स ने की मांग
सुब्रमण्यम स्वामी से पहले सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, एक्ट्रेस रूपा गांगुली और शेखर सुमन लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। एक्ट्रेस से सांसद बनीं रूपा ने एक्टर के गले में फंदे से बने निशान और पलंग की ऊंचाई जैसी कई बातों पर रोशनी डाली है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि आम इंसान होते हुए उनके जेहन में ऐसे सवाल आए हैं तो मुंबई पुलिस इस एंगल में जांच क्यों नहीं कर रही हैं।
Comments
Post a Comment