सुशांत केस में कंगना रनोट का बड़ा बयान
सुशांत केस में कंगना रनोट का बड़ा बयान:एक्ट्रेस ने ऑन कैमरा फिर कहा- 'मेरा एक भी दावा झूठा निकला है तो मैं अपना पद्मश्री अवॉर्ड लौटी दूंगी'
- कंगना ने सुशांत की मौत को आत्महत्या नहीं बल्कि प्लान मर्डर बताया और इसके लिए करन जौहर को जिम्मेदार बताया था
- हाल ही में रिपब्लिक टीवी को दिए एक इंटरव्यू के दौरान कंगना ने फिर अपने दावों को सही बताया
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से ही कंगना रनोट लगातार बॉलीवुड इंडस्ट्री की कुछ नामी हस्तियों को लेकर खुलासे कर रही हैं। कंगना ने सबसे पहले वीडियो शेयर करके करन जौहर और महेश भट्ट पर निशाना साधा था। उन्होंने कुछ ऐसी रिपोर्ट भी दिखाई हैं जिनमें सुशांत की छवि खराब करने की कोशिश की गई है।
अब फिर एक बार एक्ट्रेस ने ऑन कैमरा आकर कहा है कि, अगर सुशांत के मामले में उनका एक भी दावा झूठा निकलता है तो वह अपना गौरवपूर्ण पद्मश्री अवॉर्ड वापस कर देंगी।
कंगना ने कुछ पुराने आर्टिकल दिखाते हुए वीडियो के जरिए कहा था कि सुशांत को इंडस्ट्री में लगातार रिजेक्शन और दबाव महसूस हो रहा था। सुशांत की मौत को एक्ट्रेस ने आत्महत्या नहीं बल्कि प्लान मर्डर बताया है।
अब इस मामले में रिपब्लिक टीवी को दिए एक इंटरव्यू के दौरान कंगना ने कहा, 'मुंबई पुलिस ने मुझे बुलाया था और मैंने उनसे कहा था कि मैं मनाली में हूं इसीलिए आप मेरा स्टेटमेंट लेने के लिए किसी को भेज दीजिए। लेकिन, उसके बाद मुझे कोई कॉल नहीं आया। अगर मैंने जो भी कहा है उसे मैं साबित नहीं कर पाई या गवाही नहीं दे पाई और अगर वो सब पब्लिक डोमेन में ना मिले तो मैं अपना पद्मश्री लौटा दूंगी'।
गौरतलब है कि कंगना को 2020 में ही देश के चौथे सबसे गौरवपूर्ण पद्मश्री अवॉर्ड से नवाजा गया है।
आगे, कंगना ने तापसी पन्नू और स्वरा भास्कर पर निशाना लगाते हुए कहा, 'आज तापसी और स्वरा जैसे जरूरतमंद आउटसाइडर्स उठेंगे और कहेंगे कि हमें इंडस्ट्री से प्यार है। मैं सिर्फ इतना कहना चाहती हूं कि अगर आपको इंडस्ट्री और करन जौहर से प्यार है तो आपको आलिया और अनन्या जितना काम क्यों नहीं मिल रहा। उनकी मौजूदगी ही नेपोटिज्म का सबूत है। अब इसके बाद ऐसी कहानियां भी आएंगी जो मुझे पागल बताएंगीं'।
मुंबई पुलिस से नहीं हुई कंगना की बात
कंगना ने इस बातचीत के दौरान मुंबई पुलिस द्वारा बुलाए जाने की बात कही है। हालांकि 2 जुलाई को उनकी टीम ने ट्विटर पर ऐसी खबरों को गलत बताया था। उन्होंने लिखा- 'मिस कंगना को अब तक मुंबई पुलिस की ओर से इस तरह की कोई रिक्वेस्ट नहीं आई है। लेकिन अगर आती है तो वह कॉर्डिनेट करेंगी'।
कंगना ने इंडस्ट्री से जुड़े कई खुलासे किए
14 जून को हुई सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कंगना ने दो वीडियो शेयर किए थे। इनमें उन्होंने बताया कि सुशांत ने 'काय पो छे', 'केदारनाथ' और 'छिछोरे' जैसी बेहतरीन फिल्में की थींं मगर उन्हें कभी स्वीकार नहीं किया गया और गली ब्वॉय जैसी फिल्म को सारे अवॉर्ड दिए गए। इसके बाद उन्होंने सबूत के तौर पर कुछ आर्टिकल भी दिखाए जिनमें सुशांत के लिए आपत्तिजनक बातें लिखी थीं।
Comments
Post a Comment