कोरोना दुनिया में LIVE:नेपाल में 17 अगस्त से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ाने शुरू होंगी, यहां 17 हजार से ज्यादा संक्रमित; दुनिया में अब तक 1.47 करोड़ केस

कोरोना दुनिया में LIVE:नेपाल में 17 अगस्त से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ाने शुरू होंगी, यहां 17 हजार से ज्यादा संक्रमित; दुनिया में अब तक 1.47 करोड़ केस





नेपाल की राजधानी काठमांडु में बस में रूट चार्ट लगाता पीपीई किट पहने कंडक्टर। नेपाल में संक्रमण से 40 लोगों की जान जा चुकी है।
  • दुनिया में अब तक 6.10 लाख मौतें हुईं, जबकि 88.05 लाख ठीक हुए
  • अमेरिका में सबसे ज्यादा 39.25 लाख मरीज, अब तक 1.43 लाख मौतें
  • दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार 32 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 88 लाख 5 हजार 566 ठीक हो चुके हैं। 6 लाख 10 हजार 839 लोगों की जान जा चुकी है। नेपाल में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 17 अगस्त से शुरू होंगी। सोमवार को प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की  कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया है। नेपाल में संक्रमण के अब तक 17 हजार 844 मामले सामने आए हैं और 40 लोगों की मौत हो चुकी है।

    10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा

    देश

    कितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
    अमेरिका39,25,8861,43,51518,14,158
    ब्राजील21,02,55979,59013,71,229
    भारत11,53,58328,0927,24,582
    रूस7,77,48612,4275,53,602
    द.अफ्रीका3,64,3285,0331,91,059
    पेरू3,53,59013,1872,41,955
    मैक्सिको 3,44,22439,1842,17,423
    चिली3,33,0298,6333,03,992
    स्पेन3,07,33528,420उपलब्ध नहीं
    ब्रिटेन2,95,37245,312उपलब्ध नहीं

    LIVE UPDATES:

    • ग्रीस में संक्रमण बढ़ने पर विदेश से आने वाले सीजनल वर्करों के लिए नियम सख्त कर दिए गए हैं। ग्रीस के एग्रीकल्चर सेक्टर में 10 हजार सीजनल वर्कर काम करते हैं। यहां अल्बानिया, बुल्गारिया और नार्थ मकडोनिया से वर्कर आते हैं।
    • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि देश में मृत्यु दर सबसे कम है। यहां अब तक 1 लाख 43 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं, जबकि 39.25 लाख संक्रमित हैं।
    • नाइजीरिया के विदेश मंत्री जीयोफ्फरे ओनेयामा पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी चौथी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। यहां अब तक 36,107 मरीज मिले हैं, जबकि 778 मौतें हुईं हैं।

    ब्रिटेन:  ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन इम्यून सिस्टम मजबूत करने में कारगर
    मेडिकल जर्नल 'द लैंसेट' ने बताया है कि ब्रिटेन की कोरोना वैक्सीन के पॉजिटिव रिजल्ट मिले है। इस वैक्सीन से इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद मिली है। इसे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने डेवलप किया है। ऑक्सफोर्ड के वैज्ञानिकों का कहना है कि इस वैक्सीन की पहली टेस्टिंग अप्रैल में 1000 लोगों पर हुई थी। ट्रायल में पाया गया कि वैक्सीन लेने से शरीर में एंटीबॉडी बनने लगीं, जो कोरोना से लड़ने में मददगार थीं। 

    • ब्रिटेन में एक एक्सपेरिमेंटल दवा का कोरोना मरीजों पर सकारात्मक असर देखा गया है। इस दवा का नाम एसएनजी-001 है। इस दवा को इनहेलर के जरिए मरीजों को दिया जाता है। ब्रिटेन की बायोटेक फर्म साइनर्जियन ने इसे डेवलप किया है। इस दवा से वेंटिलेटर के मरीजों को ठीक करने का दावा किया गया है।
    • ब्रिटेन सरकार के बिजनेस सेक्रेटरी आलोक शर्मा ने सोमवार को कहा कि सबसे पहले कोरोना वैक्सीन पाने के लिए तीन कंपनियों से करार किया गया है। ये कंपनियां बायोएनटेक, फाइजर और वालनेवा फार्मा हैं। इन कंपनियों से सरकार 9 करोड़ वैक्सीन लेगी। 

    फ्रांस: संक्रमण के 500 क्लस्टर मिले

    फ्रांस में कोरोनावायरस के 500 क्लस्टर मिले हैं। अधिकारी ने बताया कि देश में अभी संक्रमण की दूसरी लहर का कोई खतरा नहीं है। स्वास्थ्यमंत्री ओलिवर वेरान ने कहा कि कई क्लस्टर कसाईखाने और ओल्ड एज होम्स के आसपास हैं। फ्रांस में अब तक 1.74 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।

    रूस: 6000 नए मामले आए
    रूस में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 6000 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमितों का आंकड़ा 7 लाख 77 हजार 486 हो गया है। हालांकि, यहां नए मामलों में कमी आई है। पिछले 24 घंटे में 3 हजार 258 लोग ठीक हुए हैं। अब तक देश में 5 लाख से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 

    मॉस्को में एक आर्ट गैलरी में मास्क और फेस शील्ड लगाकर पहुंची एक महिला। यहां बीते कुछ हफ्तों से संक्रमण के नए मामले कम हुए हैं।

    मिस्र: संक्रमण जैसे लक्षण नजर आने के बाद 14 कैदियों की मौत
    मिस्र में संक्रमण जैसे लक्षण सामने आने के बाद 14 कैदियों की मौत हुई है। ह्यूमन राइट्स वॉच (एचआरडब्ल्यू)  ने सोमवार को इसका दावा किया। इसके मुताबिक, ये मौतें 15 जुलाई को देश के 10 डिटेंशन सेंटर्स में हुईं। इससे पहले भी यहां की जेलों में सही तरह से टेस्टिंग न होने की बात सामने आई थी। फरवरी में संक्रमण के खतरे को देखते हुए 13 हजार कैदियों को रिहा किया गया था। 

    ब्राजील: एक और मंत्री कोरोना संक्रमित
    ब्राजील में राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बाद एक और मंत्री कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ब्राजील के सिटिजनशिप मिनिस्टर ऑनेक्स लॉरेंजोनी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ब्राजील में अबतक तीन मंत्रियों को कोरोना हो चुका है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि उनमें कोरोना के लक्षण हल्के हैं। इसकी वजह एंटी मलेरिया ड्रग हाइड्राक्सीक्लोरोक्वीन है। उन्होंने लिखा कि यह दवा लेने के बाद बेहतर महसूस कर रहा हूं।

    इजराइल: 50 हजार से ज्यादा मरीज
    इजरायल में 24 घंटे में संक्रमण के 670 नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही मरीजों की संख्या 51,676 हो गई है। पिछले कुछ दिनों में यहां नए मामलों में तेजी देखी गई है। यहां संक्रमण से 415 लोगों ने दम तोड़ा है। देश में अब तक 22 हजार 60 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने देश में बने सामानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं, जिससे अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिल सके।

    इजराइल के बेथेलहेम में रविवार को मास्क पहनकर अपने काम में जुटा पार्सल कंपनी का एक कर्मचारी।

    अल सल्वाडोर: पाबंदियों में राहत नहीं

    अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायिब बुकेले ने कहा है कि देश में पाबंदियों में राहत नहीं दी जाएगी। पहले यहां मंगलवार से पाबंदियों में ज्यादा राहत देने की बात कही गई थी। यहां की विपक्षी पार्टी की भी मांग थी कि पाबंदियों में राहत न दी जाए। थे। यहां अब तक करीब 12 हजार मामले सामने आए हैं। 

    अल सल्वाडोर के सैन सल्वाडोर में खाली ताबूत के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते सल्वाडोरन सोसाइटी के सदस्य

    ऑस्ट्रेलिया: लोन स्कीम के जरिए किसानों की मदद
    सरकार ने कहा है कि जिन किसानों की कमाई महामारी से प्रभावित हुई है सरकार उनकी मदद लोन स्कीम के जरिए करेगी। इसके लिए पहले से चल रही योजना का विस्तार किया गया है। यह योजना सितंबर 2020 में खत्म होने वाली थी। हालांकि, अब इसे जून 2021 तक बढ़ा दिया गया है।  

    ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में 16 जुलाई को एक महिला का स्वैब सैंपल लेते स्वास्थ्यकर्मी। यहां नए मामले सामने आने के बाद टेस्टिंग बढ़ा दी गई है।

    दक्षिण अफ्रीका: मौतों का आंकड़ा 5 हजार के पार

    दक्षिण अफ्रीका में मौतों का आंकड़ा 5 हजार के पार हो गया है। यहां पिछले 24 घंटे में 85 मौतें हुईं। देश में अब तक 3 लाख 64 हजार 328 संक्रमित मिले हैं। पिछले हफ्ते यह संक्रमण के मामले में दुनिया में सातवें नंबर पर था। एक हफ्ते के अंदर ही यह इस लिस्ट में पांचवे नंबर पर आ गया है। 

    दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में सेना का एक जवान 13 जुलाई को रात के समय घर से बाहर निकले व्यक्ति को समझाता हुआ। यहां पर रात के समय कर्फ्यू लगाया गया है।

Comments

Popular posts from this blog

क्या सचिन पायलट की पत्नी सारा पायलट चाहती हैं कि वे भाजपा में शामिल हो जाएं?

31 अगस्त से स्कूल खुलने का मैसेज झूठा है,

कश्मीर में भाजपा नेता का अपहरण