कोरोना देश में LIVE
कोरोना देश में LIVE / केजरीवाल ने प्लाज्मा बैंक की शुरुआत की, कहा- ठीक हुआ मरीज 14 दिन बाद प्लाज्मा डोनेट कर सकता है; देश में अब तक 6.05 लाख केस
- देश में कोरोना से अब तक 17 हजार 848 मौतें हुईं, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 8053 की जान गई
- संक्रमण के मामले में तमिलनाडु अब दूसरे नंबर पर, बुधवार को राज्य में 3900 से ज्यादा संक्रमित मिले
दैनिक भास्कर
Jul 02, 2020, 01:49 PM ISTनई दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को देश के पहले प्लाज्मा बैंक की शुरुआत की। उन्होंने कहा, 'प्लाज्मा डोनेशन के लिए राज्य सरकार ने कुछ नियम तय किए हैं। कोई भी स्वस्थ हुआ मरीज 14 दिन के बाद प्लाज्मा डोनेट कर सकता है। उम्मीद है कि प्लाज्मा थैरेपी से मौतों की संख्या में कमी आएगी। प्लाज्मा बैंक आज से शुरू हो रहा है।' उन्होंने कहा कि यह तब कामयाब होगा जब कोरोना मरीजों के लिए लोग उनका प्लाज्मा दान करेंगे। जिनकी उम्र 18 से 50 साल के बीच है और वजन 50 किग्रा से कम नहीं है। वे अपना प्लाज्मा डोनेट कर सकते हैं।
उधर, covid19india.org के मुताबिक, बुधवार को 19428 मामले सामने आए। वहीं,12057 मरीज स्वस्थ हो गए। मिजोरम और सिक्किम दो राज्य ऐसे रहे, जिनमें कोई भी केस नहीं मिला। सिक्किम में लगातार तीन दिन से कोई मामला नहीं आया है।


कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 19 हजार 148 केस सामने आए और 434 लोगों की मौत हो गई। उधर, देश में अब तक 6 लाख 4 हजार 641 केस हो चुके हैं। इनमें से 2 लाख 26 हजार 947 एक्टिव केस हैं। वहीं, 3 लाख 59 हजार 860 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अब तक इस बीमारी से 17 हजार 834 लोग दम तोड़ चुके हैं।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि बुधवार को देश में 2 लाख 29 हजार 588 सैंपल की जांच की गई। वहीं, अब तक देश में 90 लाख 56 हजार 173 टेस्ट किए जा चुके हैं।
शुरू हुई चारधाम यात्रा
उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब कोई भी कावंडियां अब हरिद्वार नहीं पहुंच पाएगा। अगर कोई पहुंचता है तो उसे प्रशासन 14 दिनों के लिए क्वारैंटाइन में रखेगा। पूरा खर्च कांवड़िये को उठाना पड़ेगा। इधर, बुधवार से उत्तराखंड में चार धाम की यात्रा शुरू हो गई। हालांकि, अभी केवल उत्तराखंड के रहने वाले लोगों को ही चार धाम यात्रा की अनुमति है। पहले दिन 422 श्रद्धालुओं को ई-पास जारी किए गए थे।
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: राज्य में 'किल कोरोना अभियान' की शुरुआत हो गई है। इसके तहत घर-घर जाकर सैंपल लिया जा रहा है। यह अभियान 15 दिन चलेगा। उधर, राजधानी में 58 मामले सामने आए। पुराने शहर के इब्राहिमगंज में 12 पॉजिटिव मिले। इनमें एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल हैं।

महाराष्ट्र: राज्य के औरंगाबाद जिले में बुधवार को संक्रमण के 192 मामले सामने आए। इसके साथ जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5757 पर पहुंच गई है। इस बीच, मुंबई में आज से 350 लोकल ट्रेनें शुरू की गईं। हालांकि, इन ट्रेनों में केवल सरकारी कर्मचारियों को ही सफर करने की इजाजत दी गई है।

उत्तरप्रदेश: आजमगढ़ जिले में बुधवार को आठ संक्रमित मिले। इनमें से 7 लोग मुंबई, दिल्ली और नोएडा से आए हैं। एक संक्रमित डॉक्टर है। इसके साथ जिले में मरीजों की संख्या 242 हो गई है। उधर, बस्ती, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर जिले में 836 व्यक्ति संक्रमित हुए हैं। इनमें से 656 व्यक्ति इलाज से ठीक हो गए, जबकि 32 की मौत हो चुकी है।

राजस्थान: राज्य में बुधवार को संक्रमण के 78 मामले सामने आए। अलवर में 29, जयपुर में 25, झुंझुनू में सात, कोटा में आठ, गंगानगर में पांच, भरतपुर में एक, दौसा, पाली और राजसमंद में एक-एक कोरोना संक्रमित पाया गया है। उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नेशनल डॉक्टर्स डे पर राज्य के सभी डॉक्टर्स को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि आपकी वजह से हम कोरोना से लड़ पा रहे हैं।

बिहार: राज्य में बुधवार को 88 मामले सामाने आए। इसके साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हजार 76 हो गई है। आरा में एक डीएसपी और एक जवान समेत तीन पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।

Comments
Post a Comment