कोरोना देश में LIVE:
कोरोना देश में LIVE:एक दिन में 34 हजार से ज्यादा केस बढ़े, 17 हजार लोग ठीक भी हुए; 676 की मौत, बिहार में कोरोना मामलों की समीक्षा करेगा केंद्र; देश में अब तक 10.40 लाख केस
- गुरुवार को देश में रिकॉर्ड 35468 केस बढ़े थे, 22867 ठीक हुए, 680 की मौत हुई थी
- देश में कोरोना से अब तक 26 हजार 285 मरीजों की मौत, 6 लाख 54 हजार 56 लोग ठीक हुए
देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब तक 10 लाख 40 हजार 391 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 6 लाख 54 हजार 56 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 26 हजार 285 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 3 लाख 59 हजार 657 मरीजों का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
शुक्रवार को 34 हजार 754 नए केस बढ़े। राहत की बात है कि 17 हजार 454 लोग ठीक भी हुए। 676 लोगों ने जान गंवा दी। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 8,308 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद तमिलनाडु में 4,538 और कर्नाटक में 3,693 नए मामले बढ़े।
इस बीच, केंद्र सरकार ने बिहार में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है। सरकार ने बिहार में विशेषज्ञों की एक टीम भेजकर कोरोना मामलों की समीक्षा कराने का फैसला लिया है। यह टीम बिहार सरकार को कोरोना से निपटने में मदद भी करेगी।
उधर, बंगाल में 6 शहरों से आने वाली फ्लाइट पर रोक 31 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। कोलकाता एयरपोर्ट के मुताबिक दिल्ली, मुंबई, पुणे, चेन्नई, नागपुर और अहमदाबाद से उड़ानों के आगमन पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है।
LIVE UPDATES :
- केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने तिरुवनंतपुरम में संक्रमण के कम्यूनिटी फैलाव की बात स्वीकार कर ली। मीडिया से बातचीत करते हुए विजयन ने कहा कि कुछ तिरुवनंतपुरम के कोस्टल एरिया मसलन पुंथूरा, पुलूविला जैसे इलाकों में कोरोना का कम्यूनिटी प्रसार शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि इसे रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। केरल में अब तक 10,276 केस सामने आ चुके हैं। इनमें 26 लोगों की मौत हो चुकी है।
- कर्नाटक के मंत्री आर अशोक ने बेंगलुरु में लॉकडाउन नहीं बढ़ाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि शहर में लॉकडाउन 14 जुलाई रात 8 बजे से लागू है जो 22 जुलाई की सुबह पांच बजे तक रहेगा। इसके बाद लॉकडाउन बढ़ाने का अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
- महाराष्ट्र में ठीक 120 दिन पहले 17 मार्च को कोरोना संक्रमण से पहली मौत हुई थी। अब राज्य में यह आंकड़ा 11 हजार के पार हो गया है। यहां औसतन हर दिन 93 लोगों ने दम तोड़ा है।
- भारतीय दवा कंपनी जायडस कैडिला को कोरोना के इलाज के लिए उसकी दवा पेगाइलेटेड इंटरफेरॉन अल्फा -2 बी के क्लीनिकल ट्रायल को मंजूरी मिल गई है। यह मंजूरी मैक्सिको स्थित रेग्युलेटरी अथॉरिटी कोफेप्रिस ने दी है। कंपनी ने कहा है कि उसने इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) से भी ट्रायल की मंजूरी मांगी है।
- सूरत-अहमदाबाद में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र टीम यहां के दौरे पर पहुंची है। इस टीम में आईसीएमआर के डायरेक्टर जनरल डॉ. बलराम भार्गव, एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया समेत 4 सदस्य शामिल हैं।
- आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपलआईटी में दाखिले के लिए ज्वाइंट एडमिशन बोर्ड (जैब) ने बड़ा फैसला लिया है। इस बार जेईई क्वालीफाई करने वाले छात्रों को सीधा देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिला मिल जाएगा। 12वीं के न्यूनतम अंकों की अनिवार्यता नहीं होगी। जैब के इस फैसले की जानकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्विट करके दी। उन्होंने लिखा, कोरोना संकट और बोर्ड की पूरी परीक्षा न हो पाने के चलते जैब ने यह फैसला लिया है। मंत्रालय की तरफ से अभी पूरी जानकारी आना बाकी है।


Comments
Post a Comment